मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट की बैठक होनी है। इसमें दो दर्जन प्रस्तावों पर चर्चा की संभावना है, जिनमें राज्य कर्मियों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने से जुड़ा प्रस्ताव भी शामिल है। करीब एक दर्जन प्रस्तावों को सीएमओ से स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि लगभग एक दर्जन अन्य प्रस्ताव पाइपलाइन में बताए जा रहे हैं।
वित्त विभाग के दो प्रस्ताव कैबिनेट विभाग तक पहुंचे हैं। इनके अलावा चार सड़कों के पुनर्निर्माण से संबंधित प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने रखे जा सकते हैं। अधिकारियों के मुताबिक बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी और उन्हें मंजूरी मिलने की संभावना है।
माना जा रहा है कि सरकार की वर्षगांठ को देखते हुए बैठक में राज्य के लोगों के लिए कई नई योजनाओं और विकास से जुड़े प्रस्ताव रखे जा सकते हैं। किसानों और आदिवासियों को ध्यान में रखकर कुछ योजनाओं को स्वीकृति दी जा सकती है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार वर्षगांठ को लेकर कुछ बड़े एलान भी संभव हैं।
कैबिनेट बैठक को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में गतिविधियां तेज हो गई हैं।
