पिथौरागढ़ में काली और गोरी नदियों के संगम पर ऐतिहासिक जौलजीबी मेला 2026 का शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 14 नवंबर को मेले का विधिवत उद्घाटन किया। करीब छह साल बाद मेले में तिब्बती सामानों की आमद से रौनक बढ़ी है। कोरोना महामारी के बाद से इस इलाके में व्यापार मार्ग बंद होने के कारण तिब्बती सामान इस पारंपरिक मेले में नहीं आ रहे थे।
उद्घाटन के मौके पर सीएम धामी ने कहा कि मेले के आयोजन के लिए सरकार की ओर से 10 लाख रुपये की धनराशि दी जाएगी। उन्होंने जौलजीबी मेले को भारत और नेपाल की साझी संस्कृति का प्रतीक बताते हुए इसे विकास उत्सव के तौर पर मनाए जाने की बात कही। इस दौरान उन्होंने जिले में 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी, जिनमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख रुपये की लागत से तैयार एक योजना का लोकार्पण शामिल है।
जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का जीवंत उदाहरण माना जाता है। दोनों देशों की सीमा के पास लगने वाले इस मेले की शुरुआत वर्ष 1914 में अस्कोट के पाल ताल्लुकदार गजेंद्र बहादुर पाल ने की थी। यह मेला भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों के इतिहास में विशेष स्थान रखता है। सीएम धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की विशेष प्राथमिकता है और इन क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं।
इस बीच मेले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी के विवाद ने माहौल गरमा दिया। विधायक ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया, जिसके बाद उनके और उनके समर्थकों के द्वारा कार्यक्रम स्थल पर तोड़फोड़ की गई। हंगामे से कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया। इस मामले में विधायक समेत 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
