लखनऊ। अहमदाबाद में फर्जी आयकर अधिकारी बनकर 5 किलोग्राम सोना लूटने के मामले में छह साल से फरार चल रहे आरोपी सुन्दर सिंह को यूपी STF और गुजरात पुलिस की संयुक्त टीम ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आगरा के थाना किरावली स्थित ग्राम सहारा निवासी सुन्दर सिंह का नाम अहमदाबाद के थाना बगोदरा में दर्ज डकैती और आर्म्स एक्ट के मुकदमे में सामने आया था, जिसके बाद गुजरात पुलिस ने यूपी STF से सहयोग मांगा था। STF की आगरा यूनिट के अपर पुलिस अधीक्षक राकेश के पर्यवेक्षण में निरीक्षक हुकुम सिंह की टीम और गुजरात पुलिस ने मुखबिर की मदद से आरोपी को थाना सदरबाजार क्षेत्र में इंडसइंड बैंक सेवला जाट, सरस्वती विहार के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सुन्दर सिंह ने कुबूल किया कि फरवरी 2021 में उसने अपने साथियों योगेश, पुष्कर चौधरी, बाबू सिंह तोमर, बहरी उर्फ सतीश उर्फ कटुआ, चन्द्रभान उर्फ फौजी, मुनेन्द्र सिंह उर्फ मोहित सिकरवार और रवीन्द्र सिंह उर्फ बैंगन के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। पुलिस के मुताबिक, रेकी के बाद गिरोह ने किराए की कार की नंबर प्लेट बदलकर उस पर नीली बत्ती लगाई और आयकर विभाग के फर्जी आईडी कार्ड बनवाए। बावला और गोधरा के बीच बस रुकवाकर खुद को आयकर अफसर बताते हुए सोना ले जा रहे दो लोगों को नीचे उतारा गया और सुनसान जगह पर हाथ-पैर बांधकर फेंकने के बाद 5 किलो सोना लेकर आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सुन्दर सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ साल 2018 में फिरोजाबाद के थाना पचोखरा में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत तथा वर्ष 2021 में अहमदाबाद के थाना बगोदरा में डकैती और आर्म्स एक्ट के गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
आगरा के थाना सदरबाजार में दाखिल कराने और चिकित्सीय परीक्षण के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से गुजरात पुलिस उसे आगे की विधिक कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई।
