राजस्थान एसओजी ने साढ़े पांच लाख रुपये में फर्जी मेडिकल डिग्रियां बेचने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह मामला रामकिशोर महावर से जुड़ा है, जिसके बारे में पुलिस का दावा है कि उसने जून 2025 में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सफदरजंग अस्पताल में संविदा पर जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम किया था। जांच में सामने आया कि गिरोह डिग्री उपलब्ध कराने के साथ मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण कराने में भी मदद करता था।
हालांकि, इस संबंध में पूछे जाने पर वीएमएमसी और सफदरजंग अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उनके आधिकारिक रिकॉर्ड में रामकिशोर महावर की कभी नियुक्ति नहीं हुई। अस्पताल ने कहा कि उसने स्थायी या संविदा आधार पर वहां काम नहीं किया और नियुक्ति में निर्धारित नियमों तथा दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया का पालन किया जाता है। राजस्थान एसओजी को भेजे जवाब में दिल्ली मेडिकल काउंसिल ने बताया कि महावर का उसके यहां कभी पंजीकरण नहीं हुआ और उसके नाम से सामने आया पंजीकरण प्रमाणपत्र (नंबर 33624) काउंसिल ने जारी नहीं किया है।
यानी पुलिस के दावे के विपरीत अस्पताल और काउंसिल दोनों ने अपने आधिकारिक रिकॉर्ड के आधार पर उसकी नियुक्ति और पंजीकरण से इनकार किया है। इससे फर्जी डिग्री मामले की जांच पर सवाल उठ रहे हैं। अब यह पता लगाना जरूरी हो गया है कि इस नेटवर्क से कितने अन्य लोगों ने डिग्रियां खरीदीं और उनमें से कितनों ने मेडिकल क्षेत्र में काम हासिल किया।
बड़ा सवाल यह भी है कि फर्जी डिग्रियां खरीदने वाले अन्य लोगों की पहचान कैसे होगी। विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर फर्जी प्रमाणपत्र अपलोड होने और उनके आधार पर पंजीकरण कराने के मामलों को रोकने के लिए क्या व्यवस्था है, यह भी विचारणीय है। अस्पतालों में संविदा और ऑन-कॉल सेवाएं देने वाले चिकित्सकों की योग्यता की स्वतंत्र जांच भी जरूरी बताई जा रही है।
