फर्रुखाबाद के मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में बीएएमएस द्वितीय वर्ष के छात्र हरिओम सिंह ने वाई-फाई के तार से पंखे के सहारे बनाए फंदे पर लटककर जान दे दी। सहपाठियों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है और साइबर धोखाधड़ी की आशंका भी जताई जा रही है।

आगरा के थाना गुरुगोविंद नगर के मुहल्ला उखरा मार्ग राजपुर चुंगी निवासी श्यामपाल सिंह के 25 वर्षीय पुत्र हरिओम सिंह इटावा-बरेली हाईवे पर बैकुंठपुरी स्थित मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में बीएएमएस द्वितीय वर्ष के छात्र थे। वह हॉस्टल के कमरा नंबर 304 में अपने साथी शौर्य दीक्षित के साथ रहते थे। शनिवार को उन्होंने तबीयत खराब होने की बात कहकर क्लास नहीं ली। दोपहर करीब 12.45 बजे शौर्य क्लास से लौटे तो कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा न खुलने पर खिड़की से देखा तो हरिओम पंखे से लटके हुए थे। सूचना पर वार्डन हरगोविंद पाराशर और अन्य साथियों ने दरवाजा तोड़कर चाकू से केबल काटी और उन्हें नीचे उतारा। पहले उन्हें कालेज के चिकित्सक कक्ष ले जाया गया, फिर बाइक से दोपहर करीब 1.15 बजे डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डा. दीपक तिवारी ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सीओ सिटी अभय वर्मा, मऊदरवाजा थानाध्यक्ष रामसहाय और फोरेंसिक टीम ने मेडिकल कालेज जाकर जांच की। पुलिस ने हरिओम के दो मोबाइल कब्जे में लिए हैं। कुछ छात्रों के मुताबिक हरिओम ने चार हजार रुपये नकद देकर अपने खाते में ऑनलाइन डलवाए थे और उस दौरान वह काफी परेशान लग रहे थे। इससे साइबर अपराध में छात्र के फंसने की आशंका जताई जा रही है।

शाम करीब साढ़े पांच बजे हरिओम के भाई धर्मवीर और स्वजन लोहिया अस्पताल पहुंचे। स्वजन का कहना है कि उन्हें मौत की सूचना नहीं दी गई और कहा गया कि उनके साथ साइबर धोखाधड़ी हुई है। भाई धर्मवीर ने कालेज की प्रिंसिपल डा. नीतूश्री और वार्डन पर लापरवाही के आरोप लगाए। प्रिंसिपल के मुताबिक हॉस्टल में सुबह नौ बजे के बाद किसी छात्र को रुकने की अनुमति नहीं होती और ऐसा होने पर वार्डन व स्टाफ को जानकारी प्रिंसिपल को देनी होती है, लेकिन हरिओम के कमरे में रुकने की सूचना नहीं दी गई; उन्होंने इसे लापरवाही बताया और जांच कराने की बात कही। वार्डन हरगोविंद पाराशर ने बताया कि डेढ़ माह पहले ही उनकी हॉस्टल में तैनाती हुई है। मऊदरवाजा थाना प्रभारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा और अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।