उत्तर की सर्द हवाओं का असर मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। राजस्थान का फतेहपुर शनिवार को देश का सबसे ठंडा मैदानी शहर रहा, जहां तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहाड़ी इलाकों में पहलगाम सबसे ठंडा रहा, जहां पारा माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग ने रविवार के लिए हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गाजीपुर और बदायूं समेत 30 शहरों में शनिवार को भी घना कोहरा छाया रहा।

घने कोहरे के कारण उत्तर रेलवे ने दिल्ली मंडल की 25 पैसेंजर ट्रेनें और पूर्व मध्य रेलवे ने 28 फरवरी तक 20 ट्रेनें रद्द करने का फैसला लिया है।

दिल्ली की हवा गुरुवार को लगातार 14वें दिन 'खराब' श्रेणी में रही। 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 252 दर्ज किया गया। सुबह के आंकड़ों के मुताबिक, PM2.5 प्रदूषण में वाहनों से निकलने वाला धुआं सबसे बड़ा कारण रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, 0-50 AQI अच्छा, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बहुत खराब और 401-500 गंभीर श्रेणी में आता है।