फिरोजाबाद पुलिस ने एक कैंटर से 45 लाख रुपये कीमत की 467 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह के अनुसार रामगढ़ पुलिस को शुक्रवार रात कैंटर से शराब तस्करी की सूचना मिली थी। कैंटर की तलाश में पुलिस टीम शनिवार रात दो बजे सिरसागंज के कठफोरी पहुंची, जहां हाईवे किनारे खराब हालत में एक कैंटर खड़ा मिला।
पुलिस ने बताया कि तस्कर कैंटर में गोपनीय चैंबर बनाकर पंजाब से बिहार शराब ले जा रहे थे। पुलिस की नजर से बचने के लिए कैंटर के पिछले हिस्से और चैंबर के ऊपर प्लास्टिक के पाइप लाद दिए गए थे। रास्ते में कैंटर खराब होने पर चालक उसे हाईवे किनारे छोड़कर मिस्त्री की तलाश में चला गया था।
कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। उन्होंने अपने नाम आसिफ और समीर बताया और कहा कि वे मिस्त्री हैं तथा कैंटर ठीक करने आए हैं। पुलिस ने कैंटर पर लदे प्लास्टिक पाइप हटाए तो आधे से अधिक हिस्से में चैंबर बना मिला। उसके अंदर से पंजाब में बिक्री के लिए निर्मित रॉयल स्टैग, रॉयल ग्रीन और इंपीरियल ब्लू ब्रांड की 467 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। सीओ के अनुसार बरामद शराब की बाजार में कीमत 45 लाख रुपये है।
सीओ सिटी ने बताया कि मुजफ्फरनगर नंबर के कैंटर मालिक और मिस्त्री को फोन करने वाले युवक के खिलाफ मोबाइल नंबर के आधार पर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इस रूट से शराब बिहार ले जाई जाती है और ट्रक नंबर तथा मोबाइल की सीडीआर रिपोर्ट के आधार पर तस्करों की तलाश की जा रही है।
