जन्म प्रमाणपत्र बच्चे की पहचान, उम्र के प्रमाण, स्कूल में दाखिले और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी दस्तावेज है। नूतन राजधानी अंचल के उप-रजिस्ट्रार राजीव रंजन पांडेय ने बताया कि जन्म के 21 दिनों के भीतर पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क है। पंजीकृत अस्पताल में जन्म होने पर वहीं से पंजीकरण कराया जा सकता है, जबकि घर या गैर-पंजीकृत अस्पताल में प्रसव की स्थिति में संबंधित क्षेत्र के जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार को सूचना देनी होती है।

देरी होने पर शुल्क और जटिल प्रक्रिया अपनानी पड़ती है। 21 से 30 दिनों के बीच आवेदन पर दो रुपये और 30 दिन से अधिक तथा एक वर्ष के भीतर आवेदन पर पांच रुपये विलंब शुल्क लगता है। इस अवधि में नगर निगम क्षेत्र में संबंधित रजिस्ट्रार की जांच के बाद आवेदन ऑनलाइन किया जाता है और जिला सांख्यिकी कार्यालय से स्वीकृति मिलती है।

एक से दो वर्ष के बीच पंजीकरण के लिए अनुमंडल दंडाधिकारी या कार्यपालक दंडाधिकारी का आदेश जरूरी है। दो वर्ष से अधिक समय बीतने पर संबंधित क्षेत्र के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष आवेदन करना होता है और सुनवाई के बाद आदेश मिलने पर ही प्रमाणपत्र जारी होता है।

घर पर जन्म की स्थिति में ग्रामीण क्षेत्र के लोग संबंधित पंचायत सचिव से संपर्क कर सकते हैं। नगर पंचायत क्षेत्र में प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी तथा नगर निगम या नगर परिषद क्षेत्र में सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी से संपर्क करना होता है। अभिभावकों को सलाह दी गई है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद ही जन्म पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि आगे अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।