पैकेटबंद खाद्य उत्पादों पर स्पष्ट लेबल अनिवार्य करने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी एफएसएसएआइ पर जिम्मेदारी बढ़ गई है। अदालत ने एफएसएसएआइ को यह भी कहा है कि वह पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में वसा, नमक और चीनी सहित प्रत्येक पोषक तत्व की अधिकतम सीमा फिर से तय करे। कंपनियों को ऐसे अलग-अलग सचित्र लेबल प्रमुखता से लगाने होंगे, जिनसे कम पढ़े-लिखे लोग भी जान सकें कि किस सामग्री में वसा, नमक या चीनी अधिक है।
एफएसएसएआइ वर्षों तक इस पर विचार करता रहा कि पैकेटबंद उत्पादों पर किस तरह के चेतावनी संदेश दिए जाएं, लेकिन किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा। इससे एफएमसीजी कंपनियां गुणवत्ता मानकों की उपेक्षा करती रहीं और विदेशी कंपनियां भी सवालों के घेरे में आती रहीं। मामला एक याचिका की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। अदालत ने कहा कि जहां व्यावसायिक हित जनस्वास्थ्य के विरुद्ध जाते हों, वहां नियमन आवश्यक है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन काम करने वाले एफएसएसएआइ पर देश में खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानक नियंत्रित करने की जिम्मेदारी है। संविधान के अनुच्छेद 47 में पोषण स्तर और जीवन स्तर ऊंचा उठाने तथा जनस्वास्थ्य सुधारने को शासन का प्राथमिक दायित्व बताया गया है। उपभोक्ताओं को उत्पाद के बारे में स्पष्ट और सही जानकारी जानने का अधिकार भी है। ऐसे में लेबल पर पोषक तत्वों की स्पष्ट जानकारी से लोग अपने और परिवार के स्वास्थ्य पर सही निर्णय ले सकेंगे।
2021 के एक अध्ययन के अनुसार देश में 10.1 करोड़ लोग मधुमेह, 13.6 करोड़ प्री-डायबिटीज और 25.4 करोड़ सामान्य मोटापे से ग्रस्त हैं। एनएफएचएस-5 और एनएफएचएस-6 सर्वेक्षण के बीच महिलाओं में मोटापे का स्तर 24 से 30.7 प्रतिशत और पुरुषों में 22.9 से 27.3 प्रतिशत बढ़ा। देश में लगभग 63 प्रतिशत मौतों के पीछे गैर-संचारी रोग हैं, जिनके 2030 तक 75 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। अधिक वसा, चीनी और नमक वाले अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थ इस रुझान को बढ़ा रहे हैं। विज्ञापन रणनीतियां बच्चों, महिलाओं और कम आय वर्ग की संवेदनशीलता का लाभ उठाती हैं, इसलिए इनके नियमन पर भी विचार जरूरी है। पैकेटबंद खाद्य सामग्री के प्रभावी नियमन के साथ यह भी देखना होगा कि ठेलों और ढाबों पर बनने-बिकने वाली खान-पान की सामग्री की गुणवत्ता भी सुधरे।
