गन्नौर तहसील शुक्रवार रात करीब नौ बजे के बाद भी खुली मिली, जिसके बाद इलाके में हंगामा मच गया। तहसील के अंदर तीन कर्मचारी मौजूद थे और बाहर कई गाड़ियां खड़ी थीं। आरोप लगाया जा रहा है कि रात में तहसील खोलकर रजिस्ट्री करने की तैयारी की जा रही थी। मामला सामने आने के बाद कुछ लोग मौके पर पहुंचे और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर वहां मौजूद लोग तितर-बितर हो गए। घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने चौकीदार से निर्धारित समय के बाद तहसील खोले जाने को लेकर सवाल पूछे, लेकिन उसने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद कर्मियों से पूछताछ करते दिखे। अभी तक किसी अनियमितता की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन रात के समय कर्मचारियों की मौजूदगी किस काम के लिए थी, यह जांच का विषय है।

इस बीच दो अधिवक्ताओं ने सोनीपत के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रेसवार्ता कर अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने इसे बड़ौत की करीब 98 कनाल 12 मरला जमीन से जुड़ा बताया और जमीन के राजस्व रिकॉर्ड तथा पंजीकरण प्रक्रिया को लेकर उपायुक्त और प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग शिकायतें भेजी हैं।

अधिवक्ता युद्धवीर सिंह ने बताया कि 27 नवंबर को विवादित जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव कराने के लिए दो पटवारियों पर दबाव बनाया गया और मना करने पर पटवारी अरुण कागड़ा तथा पटवारी नवीन कुमार को निलंबित कर दिया गया, जिसके बाद चार्ज निरंजन पटवारी को सौंपा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि निलंबन के बाद गन्नौर तहसील से बड़ौत जमीन का रिकॉर्ड सोनीपत लाया गया, जहां पटवारी, तहसीलदार और उपायुक्त कार्यालय का एक कर्मचारी सोनीपत सरल केंद्र में शाम सात बजे तक रिकॉर्ड पर काम करते रहे। उन्होंने रात के घटनाक्रम से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, टोकन जारी होने के समय, सर्वर रिकॉर्ड और संबंधित कर्मचारियों की पहचान की जांच की मांग की है।

अधिवक्ता पंकज कौशिक ने बताया कि उन्होंने 31 अक्टूबर को शिकायत भेजी थी और 27 नवंबर को पूरक शिकायत देकर पुराने राजस्व रिकॉर्ड की जांच मांगी। शिकायत में जमीन से जुड़े 99 साल के पट्टों, विक्रय विलेखों, उनके निरस्तीकरण और इंतकाल की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं। इसमें इंतकाल संख्या 6614, 3282, 3292 और 8618 का उल्लेख है तथा 6614 की मूल फाइल उपलब्ध न होने के बावजूद कंप्यूटर में प्रविष्टि होने की जांच मांगी गई है। शिकायत में 2006 की रजिस्ट्री संख्या 845 और 1049, 2016 की 2165 और 2166 तथा 2026 की 1723 की जांच का भी अनुरोध किया गया है। इसमें एपेक्स एजुकेशन ट्रस्ट, लगन कला उपवन पंजीकृत समिति और बाल भवन पब्लिक स्कूल का उल्लेख करते हुए जमीन के हस्तांतरण से जुड़े दस्तावेजों की जांच मांगी गई है। गौरतलब है कि कई साल पहले सोनीपत में भी देर रात तहसील खोलकर दो रजिस्ट्रियां की गई थीं, जिसके बाद हंगामा हुआ था और बाद में वे रजिस्ट्रियां कैंसिल कराई गई थीं।