मसूरी थाना क्षेत्र के ग्राम निडौरी में राशन वितरण में अनियमितता और कालाबाजारी का मामला सामने आया है। विकासखंड रजापुर के पूर्ति निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह की शिकायत पर पुलिस ने स्वयं सहायता समूह की संचालिका निदा परवीन और गुलशन के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में बताया गया कि ग्रामीणों ने नवंबर माह का राशन वितरित नहीं किए जाने की शिकायत की थी।

पूर्ति निरीक्षक के अनुसार, 26 नवंबर को विभागीय टीम ने गांव में राम रहीम स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित उचित दर की दुकान का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद गुलशन ने स्वयं को स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष बताया। जांच में दुकान पर करीब 50 क्विंटल गेहूं और चावल बिखरा हुआ मिला, जबकि ई-पास मशीन और स्टॉक रजिस्टर की जांच में भी अनियमितताएं सामने आईं।

ग्रामीणों के बयान में कई कार्डधारकों ने अंगूठा लगवाने के बावजूद राशन नहीं मिलने की बात कही, जबकि कुछ ने कई महीनों से राशन नहीं मिलने की शिकायत की। भौतिक सत्यापन में ऑनलाइन रिकॉर्ड की तुलना में खाद्यान्न की मात्रा में करीब 123 क्विंटल की कमी पाई गई है।

पूर्ति निरीक्षक ने आरोप लगाया कि राशन की कालाबाजारी कर सरकारी खाद्यान्न से अनुचित लाभ कमाने के उद्देश्य से वितरण में गड़बड़ी की गई। पीड़ित की शिकायत पर मसूरी थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।