गाजियाबाद में यातायात माह समाप्ति की ओर है, लेकिन तिपहिया वाहन चालकों की मनमानी थम नहीं रही है। रविवार को पुराने बस अड्डे और विजयनगर बाईपास के पास ऑटो चालक क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर वाहन चला रहे थे। चालक के बगल में दोनों तरफ सवारियां बैठाने से वाहन का संतुलन प्रभावित होता है और अचानक ब्रेक लगाने या वाहन अनियंत्रित होने पर हादसे का खतरा बढ़ जाता है।

यातायात माह में पुलिस लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चला रही है और हेलमेट, सीट बेल्ट तथा नियमों के पालन पर जोर दे रही है। मगर सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले चालकों पर इसका असर दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसे में यातायात माह के अंतिम दिनों में पुलिस की कार्रवाई और निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।

एडीसीपी ट्रैफिक वरुण कुमार सिंह के मुताबिक, यातायात माह में 3116 तिपहिया वाहनों से अतिरिक्त सीट उतारी गई हैं, जबकि 4074 तिपहिया वाहनों के चालान किए गए हैं। नियमों के उल्लंघन पर 91 तिपहिया वाहन सीज भी किए गए हैं।