पलवल के डीआरपी पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्र दिवेश ने कथित तौर पर प्रिंसिपल की पिटाई और अपमान से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने प्रिंसिपल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जबकि स्कूल प्रबंधन ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है।

शहर की कालड़ा कॉलोनी स्थित डीआरपी पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले नौवीं कक्षा के छात्र दिवेश ने कथित तौर पर प्रिंसिपल की मारपीट और अपमान से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र के पिता की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने प्रिंसिपल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। रविवार दोपहर जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।

पुलिस को दी शिकायत में न्यू कृष्णा कॉलोनी निवासी मृतक के पिता लखन ने बताया कि उनका बड़ा बेटा दिवेश कक्षा नौवीं और छोटा बेटा गौरव कक्षा आठवीं में पढ़ता है। आरोप है कि स्कूल प्रिंसिपल सोनू गुप्ता लंबे समय से दोनों बच्चों से रंजिश रखते थे। शनिवार को स्कूल में पानी पीने के दौरान दिवेश का आठवीं कक्षा के एक छात्र से झगड़ा हो गया था। स्वजन का आरोप है कि इसी बात को लेकर प्रिंसिपल ने सभी छात्रों के सामने दिवेश की डंडों से पिटाई की और उसका जीवन बर्बाद करने व सामाजिक बेइज्जती करने की धमकी दी। स्वजन के अनुसार, पिटाई के कारण दिवेश के हाथों पर चोट के निशान भी बने हुए हैं। इसके बाद स्कूल समय में ही दिवेश की मां संध्या को बुलाकर उनके साथ भी अपमानजनक व्यवहार किया गया और दिवेश को स्कूल की छुट्टी से पहले ही घर भेज दिया गया, जबकि छोटे बेटे गौरव को स्कूल में रोककर धमकाया गया।

शिकायत के मुताबिक, स्कूल में हुई पिटाई और अपमान से दिवेश गहरे मानसिक तनाव में आ गया था। घर पहुंचने के बाद वह ऊपरी मंजिल के कमरे में चला गया और पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक जब वह नीचे नहीं आया, तो छोटे भाई गौरव ने दरवाजे के ऊपरी हिस्से से झांककर देखा तो दिवेश फंदे पर लटका मिला। शोर मचाने पर स्वजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत जिला नागरिक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्वजन के अनुसार, प्रिंसिपल पर छात्र से पहले भी मारपीट का आरोप था और उन्होंने स्कूल प्रबंधन से छात्र का दूसरे स्कूल में दाखिल कराने के लिए टीसी भी मांगी थी, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने दोबारा मारपीट नहीं करने का वादा किया था।

शहर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार मृतक छात्र के पिता की शिकायत पर रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है और आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इस मामले पर स्कूल निदेशक राजकुमार शर्मा ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है। उनके अनुसार, पानी पीने के दौरान हुए झगड़े में आठवीं कक्षा के छात्र के सिर में चोट लग गई थी। विवाद आगे न बढ़े, इसलिए दिवेश को समझाने के बाद उसकी मां को स्कूल बुलाकर उसे घर भेज दिया गया था। स्कूल के किसी भी अध्यापक द्वारा छात्र के साथ कोई मारपीट नहीं की गई।