मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के 21 श्रमिकों और तीन बच्चों को कर्नाटक में बंधक बनाकर रखे जाने का मामला सामने आया है। श्रमिकों के स्वजन ने ठेकेदार पर दो महीने तक बिना मजदूरी काम कराने का आरोप लगाया है। इंटरनेट मीडिया पर पीड़ितों का वीडियो प्रसारित होने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और सभी श्रमिकों को मुक्त करा लिया गया।

शाहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम गजनंदा और सलैया फेरन सिंह के इन श्रमिकों को करीब दो महीने पहले महाराष्ट्र के औरंगाबाद में काम दिलाने की बात कहकर ले जाया गया था। स्वजन के मुताबिक, वहां से सभी को कर्नाटक के विजयपुर जिले की इंडी तहसील के पास गन्ना कटाई के काम में लगा दिया गया, जहां उनसे प्रतिदिन 14 से 15 घंटे काम कराया जा रहा था।

परेशान श्रमिकों ने मदद की गुहार लगाते हुए वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। फिलहाल सभी श्रमिकों को मुक्त करा लिया गया है।

शाहनगर थाना प्रभारी रवि जादौन ने बताया कि संबंधित ठेकेदार बकाया मजदूरी देकर श्रमिकों को ट्रेन से रवाना करा रहा है।