नालंदा: राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने रविवार को राजगीर में दो दिवसीय ‘शक्ति संवाद’ के समापन के बाद महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों के लिए संरक्षण अधिकारियों की व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इस संवाद में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को गति देने, कानूनों की समीक्षा कर ठोस सुझाव तैयार करने और महिलाओं के शोषण से जुड़ी हानिकारक प्रथाओं के दस्तावेजीकरण जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रहाटकर ने लिखा कि ‘शक्ति संवाद’ का उद्देश्य केवल विचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि ठोस कार्य योजना, संस्थागत समन्वय और परिणाम आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सभी महिला आयोग मिलकर महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा, न्याय और सम्मान के लिए काम करते रहेंगे।

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कार्यक्रम के बाद बिहार राज्य महिला आयोग की ओर से प्रतिनिधिमंडल को दिए गए पारंपरिक सम्मान के लिए आभार जताया। रहाटकर ने लिखा कि मिथिला की पारंपरिक रीति से मिला यह सम्मान भावुक और अविस्मरणीय था। माथे पर सिंदूर लगाने, साड़ी पहनाने और चूड़ियां देने का अनुभव उनके लिए बेहद भावनात्मक रहा। उन्होंने मिथिला की पारंपरिक ‘खोइछा’ रस्म का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटी को विदाई के समय जिस आत्मीयता और आशीर्वाद के साथ खोइछा दिया जाता है, उसी भाव से उन्हें भी यह सम्मान मिला। उन्हें मिथिला की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक पारंपरिक टोपी भी भेंट की गई।

इससे पहले उन्होंने राजगीर के प्रसिद्ध ग्लास ब्रिज का दौरा किया। एक्स पर अनुभव साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि घाटियों में ग्लास ब्रिज पर चलते हुए उन्हें ऐसा लगा जैसे वह हवा से दोस्ती कर रही हों। पारदर्शी कांच के नीचे गहरी खाई और आसपास की हरियाली के बीच यह अनुभव रोमांचक रहा। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का सबसे खास पहलू केवल रोमांच नहीं, बल्कि बिहार में पर्यटन के बदलते स्वरूप को देखना भी था। रहाटकर ने रत्नागिरी पहाड़ी पर स्थित विश्व शांति स्तूप के दर्शन का भी उल्लेख किया और इसे शांति, अहिंसा और सद्भाव का संदेश देने वाला ऐतिहासिक स्थल बताया। रोपवे के जरिए पहाड़ी पर पहुंचकर हरियाली के बीच भगवान बुद्ध की स्वर्ण प्रतिमाओं को देखना उनके लिए दिव्य और यादगार अनुभव रहा।