बिजनौर में मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान ड्यूटी से गैरहाजिर मिलने पर दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। ये दोनों चांदपुर विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ का कार्य देख रही थीं। जिला कार्यक्रम अधिकारी विमल कुमार चौबे ने इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, डीएम के निर्देश पर हुई जांच में चांदपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव खेड़की की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुलोचना देवी और मसीत की शमा परवीन दो दिन से ड्यूटी से अनुपस्थित मिलीं। इस पर दोनों की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई।
जांच में यह भी सामने आया कि जिले भर में बीएलओ का कार्य देख रहीं 100 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अभियान के तहत फॉर्म छह, सात और आठ में से एक भी फॉर्म नहीं भरवाया। इन सभी को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया गया है और सुधार के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। एक सप्ताह के भीतर अपने क्षेत्र में अभियान से जुड़ा सभी कार्य पूरा न करने पर इनकी सेवा भी समाप्त करने की चेतावनी दी गई है।
डीएम जोगिंदर सिंह ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान में किसी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। अगले वर्ष की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसके मद्देनजर शासन द्वारा मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बीएलओ को अपने क्षेत्र में जाकर फॉर्म भरवाने के कड़े निर्देश दिए हैं और उनकी जांच भी की जा रही है।
