बिहार के राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों को सरकारी परियोजनाओं में काम करने और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने के लिए पेड इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा। विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस योजना को स्वीकृति दी है। योजना के तहत बीटेक के चार वर्षीय पाठ्यक्रम के सातवें सेमेस्टर में इच्छुक विद्यार्थियों को पेड इंटर्नशिप का लाभ मिलेगा और हर महीने 10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
विद्यार्थी बिहार सरकार के विभागों, निगमों, बोर्ड और सोसाइटी की परियोजनाओं से जुड़कर काम कर सकेंगे। इससे उन्हें पढ़ाई के दौरान ही सरकारी परियोजनाओं की कार्यप्रणाली समझने, अपने तकनीकी ज्ञान को व्यवहार में उतारने और कार्यक्षेत्र का अनुभव प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
विभागीय मंत्री शीला कुमारी के अनुसार इस योजना से इंजीनियरिंग शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलेगा। सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। प्रत्येक राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक में संस्थान विकास सोसाइटी का गठन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से संस्थानों के बहुआयामी विकास के लिए कार्य योजनाएं तैयार करायी जाएंगी।
मंत्री के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभाग ने बिहार रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर (बीआइआरएसएसी) को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके तहत जियो-स्पेशियल सेवाओं के उपयोग के लिए नीति-2025 को स्वीकृति दी गई है। इस नीति के तहत सभी विभागों को आधारभूत संरचना से संबंधित ऐसी परियोजनाओं में जियो-स्पेशियल विश्लेषण का उपयोग करना होगा, जिनकी लागत 50 करोड़ रुपये या इससे अधिक है।
