शाहजहांपुर के बरेली मोड़ पर एक दंपती ने सरेराह जमकर हंगामा किया। महिला ने मारपीट की सूचना पर पहुंचे दारोगा की वर्दी खींची, उनसे गाली-गलौज की और उन्हें सड़क पर दौड़ा दिया। दारोगा ने बमुश्किल खुद को छुड़ाया। पुलिस ने आरोपित दंपती समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
चौक कोतवाली क्षेत्र के बरेली मोड़ के पास दो युवकों के बीच मारपीट हो रही थी। चौकी से दारोगा मौके पर पहुंचे और एक युवक को पकड़ लिया। इसके बाद युवक की पत्नी ने हंगामा शुरू कर दिया। वह पति को दारोगा से छुड़ाने लगी और गाली-गलौज करते हुए दारोगा की वर्दी पकड़कर खींचने लगी। दारोगा ने खुद को छुड़ाकर जाने का प्रयास किया तो महिला ने पीछे से उनका कालर पकड़ लिया। बमुश्किल खुद को छुड़ाकर जब दारोगा भागे तो महिला भी पीछे से उन्हें पकड़ने के लिए दौड़ पड़ी।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में महिला यह कहती सुनाई दे रही है कि वीडियो बना लो, कोई फर्क नहीं पड़ता। महिला के इस रवैये के बाद भी दारोगा ने संयम बरता और उस पर हाथ नहीं उठाया। आसपास खड़ी भीड़ तमाशा देखती रही और वीडियो बनाती रही, लेकिन किसी ने दारोगा को छुड़ाने की कोशिश नहीं की।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राय का कहना है कि दंपती ने शराब पीकर हंगामा किया है, हालांकि मेडिकल के बाद ही इसकी पुष्टि होगी। आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। हंगामा करने वालों ने पुलिसकर्मियों को धमकी दी कि मंत्री से कहकर पूरी चौकी सस्पेंड करवा देंगे और कोई कुछ नहीं कर पाएगा। इस धमकी के बाद मौके पर खड़े लोग भी हंगामा करने वालों के आगे कुछ नहीं बोले।
