मुरादाबाद जिले में समायोजन के बाद भी नया विद्यालय ज्वाइन न करने वाले 30 शिक्षकों को सोमवार को कार्यभार ग्रहण करने का अंतिम मौका दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार, इन शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की तैयारी है और देरी से ज्वाइन करने पर नवंबर का वेतन भी जारी नहीं होगा।
बीएसए अमित सिंह के मुताबिक, जिले के 1,409 विद्यालयों में करीब 64 ऐसे स्कूल हैं जहां छात्रसंख्या अधिक होने के बावजूद एक ही शिक्षक तैनात है। व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए विभाग ने समायोजन किया था। छात्रसंख्या के आधार पर जिले में लगभग 186 शिक्षक सरप्लस मिले थे, जिनकी सूची शासन को भेजी गई थी। इसके बाद 48 शिक्षकों का समायोजन उन विद्यालयों में किया गया जहां शिक्षकों की कमी थी।
शिक्षकों को पहले दीपावली तक ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए थे। त्योहार के चलते समयसीमा बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी गई, लेकिन इसके बावजूद 30 शिक्षक नए विद्यालयों में नहीं पहुंचे। समायोजन प्रक्रिया को छह माह पूरे हो चुके हैं, फिर भी एकल और बंद पड़े विद्यालयों में शिक्षकों की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो सकी है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सोमवार को नए विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने वाले शिक्षकों का भी नवंबर का वेतन निर्गत नहीं किया जाएगा। इसके बाद भी ज्वाइन न करने वालों के खिलाफ अपर मुख्य सचिव के आदेश के अनुसार निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
