बिहार में अगले वर्ष जनवरी के मध्य से पथ निर्माण विभाग के अधीन राज्य राजमार्गों और पुलों पर टोल टैक्स वसूलना शुरू होगा। बिहार राज्य पथ विकास निगम में उन सड़कों को अधिसूचित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जिन पर टोल देना होगा। टोल कलेक्शन एजेंसी तय करने की कवायद एक हफ्ते में पूरी होनी है। इसके बाद शेष प्रक्रियाएं पूरी होने पर वसूली शुरू होगी।
पथ निर्माण विभाग के सूत्रों के अनुसार, सबसे पहले कच्ची दरगाह-राघोपुर छह लेन पुल पर टोल वसूला जाएगा। इसके लिए बिदुपुर में टोल प्लाजा बनाया जा रहा है। इस पुल से गुजरने वाले ट्रकों को 610 रुपए और मल्टी एक्सल वाहनों को 710 रुपए टोल देना होगा। कमर्शियल कार के लिए 120 रुपए का टोल तय किया गया है। निजी वाहन, ट्रैक्टर, ऑटो और मोटरसाइकिल टोल से मुक्त रहेंगे।
विभाग ने जिन सड़कों और पुलों के लिए टोल राशि तय की है, वह लेन के हिसाब से अलग-अलग है। फोर लेन सड़क पर जहां दो रुपए प्रति किमी टोल लगेगा, वहीं दो लेन वाली सड़क पर फोर लेन से साठ प्रतिशत कम राशि वसूली जाएगी। टोल वाली सड़क से गुजरने वाले वाहन को पूरी सड़क के लिए तय राशि का भुगतान करना होगा।
राजधानी के विभिन्न इलाकों में वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल हो रहे अटल पथ और गंगा पथ पर कोई टोल नहीं लगेगा। वहीं पटना से बख्तियारपुर जाने वाले पुराने एनएच, जो अब स्टेट हाइवे के रूप में अधिसूचित है, को टोल की परिधि में लाया जा रहा है।
