गाजीपुर जिले में विंध्य-पूर्वांचल एक्सप्रेसवे स्पर के निर्माण के लिए अगले महीने से किसानों को भूमि मुआवजे का भुगतान शुरू होने की उम्मीद है। यूपीडा को शासन से धन जारी होने के बाद मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके बाद जमीन बैनामा की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

यह स्पर एक्सप्रेसवे जनपद की मुहम्मदाबाद, जमानियां और सेवराई तहसील के 49 गांवों से होकर गुजरेगा। इसके लिए करीब 16,500 किसानों की 503 हेक्टेयर से अधिक जमीन अधिगृहित की जाएगी। परियोजना के तहत गंगा नदी पर पुल भी बनाया जाएगा।

सीआरओ सुनील कुमार त्रिवेदी के अनुसार, यूपीडा से धन जारी होते ही किसानों को मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बताया गया है कि यह स्पर हैदरिया से लखनऊ जाने वाले 340 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को विंध्य एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा।

इस मार्ग के बनने से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, ग्रीन फील्ड और वाराणसी-गोरखपुर सहित कई रास्ते आपस में जुड़ जाएंगे। इससे लखनऊ, पटना, कोलकाता और दिल्ली से आवाजाही करने वाले लोगों को मीरजापुर के रास्ते गंगा एक्सप्रेसवे से सफर की सुविधा मिलेगी और दिल्ली-मेरठ-हरिद्वार की राह भी आसान होगी।