गोड्डा और संताल परगना में चक्रवात अकवान का प्रभाव रविवार से लगभग समाप्त हो गया है। बारिश रुकने के बाद दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और लोगों को ठंड का अहसास हुआ। मौसम सह कृषि वैज्ञानिक रजनीश प्रसाद के अनुसार जिले में अगले चार दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। सुबह हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है, जिसके बाद मौसम साफ होने का अनुमान है।

वैज्ञानिक के मुताबिक 48 घंटे बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज हो सकती है। आने वाले दिनों में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है। सोमवार से मौसम के और बेहतर होने का अनुमान है।

पिछले दो से तीन दिनों में खराब मौसम और बारिश से जिले के लोग परेशान रहे। बारिश से धान की फसल को नुकसान हुआ है। इन दिनों धान की कटाई चल रही है और खेतों व पूंज में फसल के टाल लगाए जा रहे हैं। बारिश से फसल प्रभावित हुई, हालांकि मौसम खुलने से किसानों ने राहत की सांस ली है।