लखनऊ के गोमती नगर क्षेत्र में बिजली विभाग ने एक चार मंजिला होटल में कथित बिजली चोरी पकड़ी है। विभाग के मुताबिक विभूति खंड स्थित पैलेशियल होटल परिसर में डॉ. आकाश कुमार सिंह के नाम बिजली कनेक्शन है, जिसे कटिया डालकर चलाया जा रहा था। टीम को मौके पर 44 किलोवाट की चोरी की बिजली से 16 एयर कंडीशनर, लिफ्ट, गीजर और टीवी चलते हुए मिले।

कार्रवाई में विभाग ने होटल का कनेक्शन काट दिया है और दो लाख रुपये का शमन शुल्क लगाया है। अधिशासी अभियंता (रेड) चंद्रशेखर के मुताबिक बिजली लोड के हिसाब से करीब 30 लाख रुपये का आकलन किया जाएगा।

गोमती नगर जोन के मुख्य अभियंता सुशील कुमार गर्ग ने बताया कि बिजली चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है और बकाएदारों से बकाया राशि जमा करने को लगातार कहा जा रहा है। उनके मुताबिक विकल्प खंड में उपभोक्ता नितिन सक्सेना के परिसर में सात किलोवाट और मनीष भदौरिया के परिसर में पांच किलोवाट की वाणिज्यिक बिजली चोरी पकड़ी गई। अभियंताओं ने तीनों के खिलाफ चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।

वहीं अमौसी जोन में सात बिजली चोर पकड़े गए हैं।