महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के जंगल में 23 वर्षीय एयरलाइन कर्मचारी वर्षा तुरकर की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश वर्षा के एक परिचित की पत्नी ने कथित तौर पर रची थी, जिसे उनके संबंधों पर संदेह था।

पुणे एयरपोर्ट पर काम करने वाली वर्षा तुरकर दिवाली मनाने के लिए अपनी ढाई साल की बेटी के साथ मध्य प्रदेश के बालाघाट स्थित मायके आई थी। पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर को वह घर से करीब 40 किलोमीटर दूर गोंदिया जिले के बोंडरानी इलाके में अपने पुराने परिचित नितेश अग्रवाल से मिलने गई थी। दोनों महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश सीमा के पास वनगंगा नदी के किनारे स्थित एक सुनसान जंगल में घूमने गए थे, जहां शिव मंदिर के पास तीन नकाबपोश हमलावरों ने चाकू से हमला कर वर्षा की हत्या कर दी। नितेश इस घटना का अकेला चश्मदीद बताया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या कथित तौर पर नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल ने करवाई थी। पुलिस के अनुसार, मोना को अपने पति और वर्षा के संबंधों पर संदेह था और उसे तलाक की आशंका थी। आरोप है कि मोना ने अपने पड़ोसी कुणाल कुंभलकर से संपर्क किया, जिसने शाहरुख पठान से बात की और हत्या के बदले 13 लाख रुपये दिए। शाहरुख ने यह काम गोंदिया के तीन स्थानीय युवकों इमरान करीम शेख, नायलन शेख और कृष राउत को सौंपा।

गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने बताया कि आरोपियों ने नितेश की कार की लाइव जीपीएस लोकेशन पाने के लिए कार से जुड़े ऐप की आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल किया। यह गाड़ी मोना के नाम पर रजिस्टर है। मामले को सुलझाने के लिए पुलिस ने बोंडरानी जंगल के अलावा तिरोदा, खैरलांजी, वारासिवनी और गोंदिया के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की। मुखबिर की सूचना पर 19 नवंबर को हिस्ट्रीशीटर इमरान शेख को हिरासत में लिया गया, जिसने पूछताछ में मोना द्वारा साजिश रचने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने मोना, कुणाल, इमरान और शाहरुख पठान को गिरफ्तार कर लिया, जबकि नायलन और कृष फिलहाल फरार हैं।