गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल एक बैकहो लोडर की टक्कर से चौरी-चौरा निवासी ओंकार सिंह के बड़े बेटे की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार तीन पीढ़ी बाद ओंकार सिंह को दो बेटे हुए थे। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने बैकहो लोडर को कब्जे में ले लिया।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई और करीब चार घंटे तक सड़क जाम रखा। स्थानीय पार्षद रणवीजय जुगुनु के नेतृत्व में मोहल्ले के लोग, स्वजन और भाजपा कार्यकर्ता झारखंडी मोड़ पर धरने पर बैठ गए, जिससे गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर यातायात ठप हो गया और दोनों तरफ तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।

जिलाधिकारी और एसएसपी के पहुंचने और आश्वासन देने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद दोनों अधिकारी पीड़ित परिवार के घर भी पहुंचे। इस दौरान भाजपा के जिला महामंत्री योगेश प्रताप सिंह समेत कई पदाधिकारी पीड़ित परिवार के घर मौजूद रहे। जिलाधिकारी के निर्देश पर देर रात शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।

ओंकार सिंह झारखंडी के आवास-विकास कालोनी में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। स्वजन के अनुसार सभा, रैली या रोड शो में बैकहो लोडर शामिल करने का नियम नहीं है, इसके बावजूद रोड शो में बड़ी संख्या में बैकहो लोडर शामिल हुए और इनसे पुष्प वर्षा कराई गई। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद चालक बैकहो लोडर तेज रफ्तार से चला रहे थे। घटना देख रहे एक यूट्यूबर ने चालक को रोकने के लिए चिल्लाते हुए बताया कि उसने किशोर को कुचल दिया है।