गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर बेलीपार थाना क्षेत्र के मेहरौली गांव के पास 21 नवंबर की सुबह करीब साढ़े पांच बजे ट्रक की टक्कर से हथिनी कुसुमकली की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि उस पर सवार दो महावत गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है और एक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर ट्रक (यूपी 78 एमएन 0529) की पहचान की और उसे कब्जे में ले लिया है। जांच में सामने आया कि चालक आजमगढ़ से ट्रक लेकर कानपुर जा रहा था और उसे गोरखपुर से सामान भी उठाना था। हादसे के बाद वह ट्रक लेकर आगे बढ़ा और दूध की डिलीवरी करने के बाद बाघागाड़ा में ट्रक खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
महावत सेवई निवासी जाफर अंसारी के पिता रफी उल्लाह अंसारी ने रविवार को बेलीपार थाना पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि गजपुर में आयी बरात में शामिल होने के बाद उनका बेटा घर लौट रहा था और हथिनी पर गांव के ही फिरोज अंसारी भी सवार था। एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी के अनुसार, इस मामले में वन विभाग ने भी मुकदमा दर्ज किया है। महावत के पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज हुआ है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने सार्वजनिक रास्ते पर लापरवाही से वाहन चलाने, गंभीर चोट पहुंचाने और दूसरे की सुरक्षा खतरे में डालने का मुकदमा दर्ज कराया है।
हथिनी कुसुमकली की उम्र करीब 65 वर्ष बताई गई है। मालिक राघवेंद्र सिंह के मुताबिक, उनके पूर्वज करीब 50-60 वर्ष पहले खजनी क्षेत्र के रामपुर महंथ से उसे खरीदकर लाए थे। तब से वह परिवार और पट्टीदारी के लोगों के संरक्षण में रही। मौजूदा समय में झकही निवासी डा. हरिश्चंद्र सिंह के संरक्षण में उसकी देखभाल की जा रही थी। इतने लंबे समय तक परिवार का हिस्सा रही कुसुमकली की अचानक मौत से उससे जुड़े लोगों को गहरा सदमा लगा है।
