गोरखपुर में दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड 250 करोड़ रुपये के निवेश से अत्याधुनिक फिश फ्लोटिंग फीड प्लांट स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में रविवार को इस परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होने हैं। परियोजना से 500 युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।
मत्स्य विभाग की महानिदेशक धनलक्ष्मी के. के अनुसार, यह निवेश फरवरी 2025 में लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मीन महोत्सव के दौरान किए गए निवेश प्रोत्साहन प्रयासों का परिणाम है। उस आयोजन में मत्स्य क्षेत्र में लगभग 1,020 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। मत्स्य क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण और विकास के लिए कई अन्य प्रस्ताव भी पाइपलाइन में हैं।
कंपनी के प्रबंध निदेशक अडुसुमिली वेंकट सुब्रमण्यम ने बताया कि गोरखपुर संयंत्र में आधुनिक तकनीक से उच्च प्रोटीन युक्त फ्लोटिंग फिश फीड का निर्माण किया जाएगा। इससे मत्स्य आहार की गुणवत्ता और दक्षता में सुधार होगा, मछलियों की उत्पादकता बढ़ेगी तथा मत्स्य पालकों की आय और लाभप्रदता बढ़ाने में मदद मिलेगी। यह संयंत्र उत्तर प्रदेश के साथ उत्तर भारत और पूर्वी भारत के बाजारों की जरूरतें पूरी करेगा और पड़ोसी देशों में निर्यात की संभावनाओं को भी बढ़ावा देगा।
परियोजना के पहले चरण में लगभग 150 करोड़ और दूसरे चरण में 100 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। यह इकाई गीडा के सेक्टर-27 में स्थापित होगी। इस निवेश को साकार करने में मत्स्य मंत्री संजय निषाद के नेतृत्व और अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई है।
