ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्रेप नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करते हुए 100 मामलों में 5.28 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है। सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने शुक्रवार को प्रदूषण की स्थिति पर समीक्षा बैठक में जुर्माने की वसूली सुनिश्चित करने और भुगतान न करने वालों के खिलाफ आरसी जारी करने के निर्देश दिए।

जुर्माने में निर्माण कार्यों से जुड़े 36 मामलों में 48.10 लाख, आरएमसी प्लांट के 48 मामलों में 4.65 करोड़, कूड़ा जलाने के तीन मामलों में 2.25 लाख और अन्य 13 मामलों में 12.70 लाख रुपये शामिल हैं। बैठक में निर्माणाधीन स्थलों पर 247 एंटी स्माग गन लगाए जाने की जानकारी दी गई। सभी निर्माण स्थलों पर नियमित निरीक्षण, उचित बैरिकेडिंग और व्हील वाशिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

शहर में 56 जीवीपी स्थल चिह्नित किए गए हैं, जिनकी सफाई और सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए गए। प्राधिकरण ने साप्ताहिक बाजारों और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में सफाई, कूड़ा निस्तारण, उद्यानिक कचरे से कंपोस्ट बनाने और सार्वजनिक स्थानों पर लकड़ी के बजाय इलेक्ट्रिक या गैस हीटर की व्यवस्था पर जोर दिया।

सीईओ ने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण के उपायों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में ओएसडी गुंजा सिंह, महाप्रबंधक वित्त स्वतंत्र गुप्ता, ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह, उप महाप्रबंधक विजय रावल सहित अन्य वरिष्ठ प्रबंधक और अधिकारी मौजूद रहे।