गुरुग्राम पुलिस ने मतांतरण के एक आरोपी मास्टरमाइंड को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। सेक्टर-56 थाना पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रवीण उर्फ डॉ. पीटर जॉन मलकर पिछले दस साल से अधिक समय से 'पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल' नाम का एनजीओ चला रहा था। पिछले सप्ताह घाटा गांव में मतांतरण के मामले का पर्दाफाश हुआ था, जिसके बाद यह गिरफ्तारी हुई।

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी मूल रूप से मणिपुर का रहने वाला है और उसकी पत्नी अमेरिकी नागरिक बताई जा रही है, जो फिलहाल फरार है। आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी पत्नी के साथ गुरुग्राम, दिल्ली और अन्य जगहों पर यह एनजीओ संचालित करता था।

आरोप है कि एनजीओ से जुड़े वॉलंटियर इस दंपती के कहने पर अलग-अलग जगहों की झुग्गियों में पाठशाला चलाते थे, जहां बच्चों का ब्रेनवॉश किया जाता था। बच्चों को खाना-पीना, पढ़ाई और कपड़े दिए जाते थे तथा यीशु मसीह के बारे में पढ़ाया और प्रार्थना कराई जाती थी। आरोप है कि बच्चों को ईसाई धर्म में मतांतरण के लिए प्रेरित किया जाता था।

घाटा गांव की झुग्गियों में रहने वाले लोगों के मुताबिक करीब एक साल पहले इस एनजीओ ने उनकी झुग्गी में स्वास्थ्य शिविर लगाया था, जिसके बाद हर शनिवार शिविर लगने लगा। शिविर में गई एक महिला के अनुसार उसे पहले यीशु मसीह की प्रार्थना कराई गई, फिर दवाई और फल दिए गए। 14 नवंबर को घाटा गांव में छापेमारी कर चार महिलाओं को पकड़ा गया था, जिनसे पूछताछ में डॉ. पीटर और उसकी पत्नी के बारे में जानकारी मिली।

सेक्टर-56 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखपाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि यह एनजीओ एनसीआर में कब से संचालित हो रहा था, इसकी फंडिंग कहां से हो रही थी, अब तक कितने लोगों का मतांतरण कराया जा चुका है और इसमें कौन-कौन शामिल है।