गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर एक डिफेंडर गाड़ी के चालक द्वारा डिवाइडर पर से गाड़ी कुदाकर लेन बदलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वीडियो गुरुवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। बताया जाता है कि स्टंटबाजी का यह वीडियो बुधवार रात का है, जिसे पीछे चल रही दूसरी गाड़ी के चालक ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया। इंटरनेट मीडिया पर यह भी बताया गया कि वीडियो सेक्टर-54 रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास गोल्फ कोर्स रोड का है।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि डिफेंडर गाड़ी का चालक गोल्फ कोर्स रोड पर चलते हुए अचानक लेन बदल रहा है। लेन बदलने के लिए चालक ने सड़क पर बने डिवाइडर के ऊपर से अपनी गाड़ी कुदाई। यह स्टंटबाजी पीछे से आने वाले वाहनों के लिए जोखिम भरी हो सकती थी।
इसके अलावा एक अन्य वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसमें एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने डिवाइडर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली काफी दूर तक चलाकर स्टंटबाजी की। गुरुग्राम पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
