गुरुग्राम यातायात पुलिस ने 21 नवंबर को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ एकदिवसीय अभियान चलाया। इस दौरान कुल 15,986 चालान जारी किए गए और 57 लाख 78 हजार 600 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

पुलिस के अनुसार, सबसे अधिक 3,069 चालान गलत पार्किंग पर काटे गए। निर्धारित लेन नियमों का उल्लंघन करने पर 1,007 और गलत दिशा में वाहन चलाने पर 855 चालान किए गए। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर चल रहे 154 वाहनों को जब्त किया गया।

यातायात पुलिस का कहना है कि यह सख्ती सड़क पर अनुशासनहीनता रोकने और दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने के निरंतर प्रयास का हिस्सा है। पुलिस के मुताबिक गलत पार्किंग से जाम लगता है और गलत दिशा में वाहन चलाने से हादसों की आशंका बढ़ती है।

पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों को अपनी जिम्मेदारी समझें, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें, अपनी लेन में चलें और वाहनों पर नियमानुसार नंबर प्लेट लगवाएं।