हरिद्वार के सुभाष घाट पर एक गर्भवती महिला द्वारा खुले में बच्ची को जन्म देने के मामले में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जांच के आदेश दिए हैं। महिला को महिला चिकित्सालय में उपचार न मिलने के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह को प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल प्रबंधन से 48 घंटे के भीतर हस्ताक्षरित जांच रिपोर्ट मांगी गई है।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित खबर के अनुसार गर्भवती महिला उपचार के लिए हरिद्वार के चैनराय महिला चिकित्सालय पहुंची थी, लेकिन उसे उपचार नहीं मिल पाया। इसके बाद महिला ने सुभाष घाट पर खुले आसमान के नीचे बच्ची को जन्म दिया। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर वह स्वयं भी मामले की जांच कर रहे हैं।
एचएमजी जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक कार्यालय की ओर से नोवस पैथोलाजीज प्राइवेट लिमिटेड (एनपीपीएल) के निदेशक को ईमेल भेजकर तत्काल आंतरिक जांच के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित संस्था से प्रारंभिक तथ्य तत्काल और ईमेल प्राप्त होने के 48 घंटे के भीतर विस्तृत जांच आख्या उपलब्ध कराने को कहा गया है।
जांच में यह पता लगाया जाएगा कि महिला अथवा उसके स्वजनों ने महिला चिकित्सालय के एमसीएच विंग में कब संपर्क किया था, उस समय कौन-कौन से स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे और महिला को किस तरह की चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। उपचार में देरी, उपचार से इंकार या महिला को किसी दूसरे अस्पताल में रेफर किए जाने की परिस्थितियों की भी पड़ताल होगी। अस्पताल के रजिस्टर, ड्यूटी रोस्टर और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जांच के दौरान साक्ष्य प्रभावित न हों। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही या चूक सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
