हरिद्वार में शनिवार रात प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला को अस्पताल के स्टाफ ने कथित तौर पर भर्ती करने से मना कर दिया। इसके बाद महिला ने गंगा किनारे सुभाष घाट पर बिना किसी चिकित्सा सहायता के एक बच्ची को जन्म दिया। घाट के पास रहने वाली यह महिला भीख मांगकर अपना जीवन यापन करती है।
आरोप है कि रात में प्रसव पीड़ा होने पर महिला अस्पताल पहुंची, लेकिन स्टाफ ने पति को साथ लाने की बात कहकर उसे लौटा दिया। इसके बाद महिला ने सुभाष घाट के किनारे खुले आसमान में बच्ची को जन्म दिया। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने महिला को खून से लथपथ देखा तो मदद के लिए आगे आए। एक महिला श्रद्धालु ने अपने शॉल से उसे ढका, जबकि अन्य लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी।
हरकी पैड़ी चौकी पर तैनात कांस्टेबल मान सिंह नेगी भी मौके पर पहुंचे और महिला को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। चिकित्सकों के मुताबिक मां और नवजात बच्ची दोनों की हालत स्थिर है।
इस घटना ने गरीब और बेसहारा लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा मिलने के तरीके पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
