हरियाणा की गैंगवार की घटनाओं में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, खासकर बागपत के बदमाशों का कनेक्शन बार-बार सामने आ रहा है। 2024 से अब तक की घटनाओं में कहीं यूपी का बदमाश हरियाणा के स्थानीय अपराधियों के साथ मिला, तो कहीं बाहरी शूटर की भूमिका सामने आई। अब पुलिस यह पड़ताल कर रही है कि दोनों राज्यों के गिरोहों के बीच संपर्क सिर्फ अपराधियों की आवाजाही तक सीमित है या वारदातों के लिए साझा नेटवर्क भी काम कर रहा है।
पुलिस जांच के अनुसार हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग और बागपत के रवि राठी गैंग के बीच करीब दो साल से संपर्क था। इससे जांच का दायरा रोहतक और झज्जर से आगे बढ़कर पश्चिमी यूपी तक पहुंच गया है और पुलिस ने बागपत में जाकर छानबीन भी की।
इस नेटवर्क की अहम कड़ी 19 दिसंबर 2025 को रोहतक के रिटौली गांव में शराब ठेके पर हुई फायरिंग है, जिसमें दोनों पक्षों से करीब 35 से 40 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई थी। घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई और कई लोग घायल हुए। जांच में बागपत निवासी मोहन उर्फ मोनू का नाम सामने आया, जिसे 12 फरवरी 2026 को सांपला क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी। बागपत में उसके खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई।
25 नवंबर की देर रात खरावड़ बाईपास स्थित मिलन ढाबे पर हुई फायरिंग में बागपत के गांगनौली निवासी रवि राठी का नाम सामने आया है। इससे पहले 13 जुलाई 2024 को खरखौदा में हुई मुठभेड़ में भाऊ गैंग के तीन बदमाश मारे गए थे, जिनके उत्तर प्रदेश से आने की सूचना मिली थी। वहीं 5 दिसंबर 2024 को आईएमटी रोहतक में बागपत निवासी दीपक उर्फ फुर्तीला मारा गया था, जिस पर हरियाणा, यूपी और दिल्ली में 18 मुकदमे दर्ज थे।
