उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलार के पास रविवार दोपहर करीब एक बजे एक प्राइवेट बस ने सवारियों से भरे टेंपो को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में दो सगी बहनों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। टेंपो में सवार सभी लोग अलीगढ़ जिले के नौसेरवला इलाके के रहने वाले थे और गुरुग्राम में काम करते थे। सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं और गुरुग्राम से सिकंदराराऊ के मोहल्ला नौरंगाबाद में एक शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे।

हादसे के बाद प्राइवेट बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद इलाका पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिला प्रशासन, पुलिस, एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य किया। कुछ घायलों को अकराबाद सीएचसी भेजा गया, जबकि गंभीर घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा गया है।

सीओ सिकंदराराऊ अमित पाठक ने बताया कि एक प्राइवेट बस और टेंपो की टक्कर हो गई है, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई है और चार लोग घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान छोटी पत्नी मुस्तकीम, मोटी पत्नी रहीश और फहाद पुत्र बबलू के रूप में हुई है।