पौड़ी जिले के पोखड़ा विकासखंड के गडरी गांव की पूजा देवी ने स्वयं सहायता समूह और ग्रामोत्थान परियोजना की मदद से अपने गांव में 'सानवी जनरल स्टोर' खोलकर आत्मनिर्भरता हासिल की है। वर्ष 2020 में जय गणेश स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं पूजा देवी को ग्राम संगठन की बैठकों में स्वरोजगार के विकल्पों की जानकारी मिली। इसी दौरान वह ग्रामोत्थान परियोजना के तहत गठित सहकारिता से भी जुड़ गईं। वर्ष 2025 में एक बैठक में व्यक्तिगत उद्यम योजना के बारे में पता चलने पर उन्होंने जनरल स्टोर खोलने के लिए आवेदन किया।
दुकान शुरू करने के लिए पूजा देवी ने तीन लाख रुपये जुटाए। इसमें 75 हजार रुपये उनका अपना अंशदान था, डेढ़ लाख रुपये का बैंक ऋण मिला और शेष 75 हजार रुपये ग्रामोत्थान परियोजना से मिले। दुकान पर हर महीने करीब 50 हजार रुपये की बिक्री होती है और खर्च निकालकर पूजा देवी को लगभग 22,500 रुपये बचते हैं। अब दुकान का सालाना कारोबार करीब छह लाख रुपये है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरी है।
पूजा देवी समूह की अन्य महिलाओं को भी अपना काम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। ग्रामोत्थान परियोजना के जिला प्रबंधक कुलदीप बिष्ट ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपना उद्यम शुरू करने के लिए मार्गदर्शन और वित्तीय सहयोग दिया जा रहा है।
