सागर शहर के एक निजी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती 16 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। नाबालिग की शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल के वार्ड बॉय राजा बंसल के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

नाबालिग ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले वह परिवार के साथ पचमढ़ी से सागर आ रही थी, तभी बरोदा के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इलाज के लिए परिजन उसे सागर के बरगद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने 20 नवंबर को उसे आईसीयू थर्ड में भर्ती किया।

शिकायत के मुताबिक, 21 नवंबर की सुबह करीब 4:15 बजे जब नाबालिग बेड पर सो रही थी, तभी वार्ड बॉय राजा बंसल वहां पहुंचा और उसे गलत तरीके से छुआ। आरोप है कि उसने नाबालिग से बात करने की इच्छा जताते हुए फोन नंबर मांगा और मना करने पर दोबारा गलत तरीके से स्पर्श किया। डर के कारण नाबालिग उस समय चुप रही और बाद में अस्पताल पहुंची अपनी बुआ की बेटी को पूरी घटना बताई। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में जैकेट पहने एक व्यक्ति नाबालिग के बेड के पास खड़ा होकर झुकते और कंबल के ऊपर तथा नाबालिग के हाथ और शरीर के ऊपरी हिस्से के पास हाथ रखते दिखाई दे रहा है।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों और अन्य लोगों ने अस्पताल में विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की। हंगामे के दौरान शराब की पेटियों से लदी एक बोलेरो अस्पताल परिसर में पहुंची, लेकिन भीड़ देखकर वाहन में सवार लोग गाड़ी छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो तथा उसमें रखी शराब को जब्त कर लिया। पुलिस ने नाबालिग और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।