जौनपुर में नगर पालिका परिषद की ओर से दो करोड़ दस लाख रुपये की लागत से 20 बिस्वे में बनाए जाने वाले डाग शेल्टर होम की नींव अभी नहीं पड़ सकी है। भूमि चिह्नित हो चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ा। यह शेल्टर होम प्रसाद तिराहा स्थित पचहटिया के पास प्रस्तावित है, जहां पशु चिकित्सक की तैनाती और एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर (एबीसी) बनाने का भी प्रस्ताव है।
जनपद की तीन नगर पालिका परिषदों और नौ नगर पंचायतों में अभी श्वानों को पकड़ने या रखने की कोई व्यवस्था नहीं है। शेल्टर होम में श्वानों को पकड़कर रखने, स्टरलाइजेशन, एंटी रेबीज टीकाकरण और उपचार की व्यवस्था होगी। इससे श्वानों की बढ़ती संख्या पर रोक लगाने और काटने की घटनाओं में कमी लाने की उम्मीद है।
एबीसी कार्यक्रम के तहत श्वानों की आबादी को मानवीय तरीके से नियंत्रित किया जाता है। इसमें श्वानों को पकड़कर एंटी रेबीज टीका लगाया जाता है और स्वस्थ होने के बाद उन्हें उसी क्षेत्र में वापस छोड़ दिया जाता है, जहां से पकड़ा गया था।
सड़क पर घूमने वाले श्वान आए दिन लोगों को काटकर घायल कर रहे हैं। झुंडों में निकलने वाले श्वानों से बुजुर्गों और छोटे बच्चों को सबसे अधिक खतरा रहता है। वर्ष 2024 में 30 हजार 343 लोगों को श्वानों ने काटा, जबकि 2025 में 55 हजार 218 लोगों को कुत्तों ने जख्म दिए। इस वर्ष अभी तक जिला अस्पताल सहित स्वास्थ्य केंद्रों पर 7100 पीड़ितों को एंटी रेबीज लगाई गई।
