कार्तिक पूर्णिमा स्नान और दीपदान के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रोडवेज ने तिगरी गंगा मेले के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की है। रामपुर डिपो की ओर से 25 बसें लगाई गई हैं, जो 23 और 24 नवंबर को श्रद्धालुओं को सीधे तिगरी मेले तक पहुंचाएंगी। इन बसों के संचालन से यात्रियों को रास्ते में वाहन बदलने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
बसों का संचालन सोमवार 23 नवंबर की सुबह छह बजे से शुरू होगा और मंगलवार की देर शाम तक जारी रहेगा। सभी बसें मुरादाबाद, जोया और गजरौला होकर तिगरी पहुंचेंगी। इससे परिवार के साथ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं, बुजुर्गों और महिलाओं को सहूलियत मिलने की उम्मीद है। कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान मंगलवार को है, लेकिन एक दिन पहले सोमवार को दीपदान के लिए भी ब्रजघाट और तिगरी मेला में भीड़ रहने की संभावना है।
ब्रजघाट स्थित गंगा तट पर स्नान के लिए जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली रोड पर भी बसों का संचालन जारी रहेगा। सभी बस चालकों को ब्रजघाट में रुककर ही आने-जाने के निर्देश दिए गए हैं। रोडवेज का उद्देश्य मेले के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन सुविधा सुचारु बनाए रखना है।
डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राम प्रकाश ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर यह योजना बनाई गई है। विशेष बस संचालन से श्रद्धालुओं को गंगा घाटों तक पहुंचने और स्नान के बाद वापस लौटने में राहत मिलने की उम्मीद है, साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी।
