हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने बिजली कनेक्शन और मीटर लगाने में हो रही देरी पर संज्ञान लिया है। न्यायाधीश संदीप शर्मा की अदालत ने राज्य विद्युत के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि याचिकाकर्ता राजेश कुमार शर्मा के परिसर में बिजली मीटर लगाने के आवेदन पर प्राथमिकता के आधार पर दो दिनों के भीतर विचार कर निर्णय लिया जाए।

याचिकाकर्ता ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर गुहार लगाई थी कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद उनके परिसर में बिजली का मीटर नहीं लगाया जा रहा है। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत को बताया कि संबंधित क्षेत्र के अधिशासी अभियंता कुछ औपचारिकताएं पूरी करने की शर्त पर मीटर लगाने के लिए सहमत हो गए हैं, लेकिन सोहन लाल और कुछ अन्य लोगों द्वारा इसमें अनावश्यक अड़चनें पैदा की जा रही हैं।

विद्युत बोर्ड ने अदालत में स्वीकार किया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने पर बिजली कनेक्शन प्रदान करना विभाग का कर्तव्य है। बोर्ड ने बताया कि सोहन लाल द्वारा किसी दीवानी मुकदमे के लंबित होने का हवाला देकर मीटर लगाने पर आपत्ति जताई जा रही है, जबकि उस मुकदमे में याचिकाकर्ता को पक्षकार भी नहीं बनाया गया है।

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि विद्युत अधिनियम के नियमों के तहत आवेदक को केवल आवश्यक सहायता प्रदान करनी होती है, जबकि किसी भी प्रकार की बाधा को हटाने की जिम्मेदारी विद्युत बोर्ड की है। नियमों के अनुसार, यदि कोई मालिक या अन्य व्यक्ति काम में आपत्ति जताता है, तो बिजली विभाग जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस आयुक्त या राज्य सरकार के अन्य अधिकृत अधिकारियों से लिखित अनुमति लेकर कार्य पूरा कर सकता है। इसका अर्थ है कि बिजली मीटर लगाने के लिए जिम्मेदार अधिकारी आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता भी ले सकते हैं।