मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश में रोबोटिक सर्जरी सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। शिमला में रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने यह निर्देश दिए और चिकित्सकों की सराहना की। राज्य में पिछले 15 महीनों में 1100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक की गई हैं, जिसे स्वास्थ्य क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताया गया है।
मुख्यमंत्री ने सभी चिकित्सा महाविद्यालयों से लंबित ऑपरेशनों की रिपोर्ट मांगी है, ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। रोबोटिक सर्जरी में कोलन सर्जरी, प्रोस्टेट कैंसर के ऑपरेशन और किडनी ट्रांसप्लांट जैसी सर्जरी शामिल हैं। 1100 ऑपरेशन पूरे होने पर मुख्यमंत्री ने केक काटा। उन्होंने युवा चिकित्सकों को रोबोटिक सर्जरी में प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए। अब तक प्रदेश में 41 सर्जन और 34 केयर टीम सदस्यों को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जिनमें नर्सें, ऑपरेशन थिएटर सहायक और अन्य सहयोगी कर्मचारी शामिल हैं।
प्रदेश के चार प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध है। इनमें अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी चमियाणा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक और इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला शामिल हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार इन संस्थानों में एम्स दिल्ली की तुलना में काफी कम दरों पर यह सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल के मरीजों को उन्नत सर्जरी के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा और सरकार अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी यह सुविधा शुरू करने पर विचार कर रही है।
रोबोटिक सर्जरी का सबसे बड़ा लाभ मरीजों को अस्पताल में कम समय तक रहना पड़ता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ओपन सर्जरी की तुलना में इस तकनीक से अस्पताल में रहने की अवधि 50 से 75 प्रतिशत तक घट रही है। इसमें शल्य चीरा छोटा लगता है और रक्तस्राव भी न्यूनतम होता है, जिससे मरीजों को जल्द स्वस्थ होने में मदद मिलती है।
