गाजियाबाद में श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर के आसपास की दुकानों को हटाकर दूधेश्वर नाथ कॉरिडोर बनाया जाना है। इन दुकानों को विस्थापित करने के उद्देश्य से हिंडन विहार में 18 करोड़ रुपये की लागत से एक शॉपिंग आर्केड का निर्माण किया जाएगा। बृहस्पतिवार को महापौर सुनीता दयाल ने इसका शिलान्यास किया।

महापौर ने बताया कि नगर निगम हिंडन विहार में आठ हजार स्क्वायर भूमि पर दो मंजिला आर्केड बनाएगा। इसमें 4 बाई 6 मीटर की 128 दुकानें बनेंगी, जिनमें 64 दुकानें प्रथम तल पर और 64 दुकानें द्वितीय तल पर होंगी। इसके अलावा नौ गोदाम, पार्किंग और शौचालय आदि की सुविधा भी दी जाएगी।

आर्केड का उद्देश्य यह है कि कॉरिडोर के लिए स्थान बदलने से वहां व्यापार करने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और वे अपना व्यापार आगे भी बढ़ा सकें। इस आर्केड को बनाने में एक वर्ष का समय लगेगा।

इसी स्थान पर भगवान बाल्मीकि सभागार भी बना हुआ है, जिसे नगर निगम का निर्माण विभाग सम्पत्ति विभाग को हस्तांतरित करेगा। इसकी रसीद कटेगी और लोग उस भवन में अपने व्यक्तिगत व सामाजिक कार्यक्रम भी कर सकेंगे। इस अवसर पर पार्षद जय किसान, सहायक अभियंता कुलदीप त्यागी और अवर अभियंता प्रीति बंसल आदि उपस्थित रहे।