प्रकृति क्या है, शक्ति क्या है और मैं कौन हूं जैसे प्रश्न मनुष्य के मन में सदा उठते रहे हैं। हर व्यक्ति अपनी बुद्धि और अनुभव के आधार पर इनके उत्तर खोजता है, लेकिन इन प्रश्नों का सर्वमान्य उत्तर निर्धारित करना आसान नहीं है। आत्मज्ञान या ब्रह्मविद्या के ज्ञान से यह स्पष्ट हो जाता है कि आत्मा अमर है और शरीर के भीतर मृत्यु तक विद्यमान रहती है। शरीर केवल एक साधन या वाहन है, जिसका उपयोग आत्मा अलग-अलग लोकों में करती है।
भारत के प्राचीन ऋषि-मुनियों ने वेदों, अठारह पुराणों, 108 उपनिषदों, श्रीमद्भागवत गीता और पातंजलि योग दर्शन के माध्यम से हजारों वर्ष पहले ही मनुष्य, प्रकृति और आत्मा के संबंध को स्पष्ट कर दिया था। ब्रह्मविद्या यह सिखाती है कि मनुष्य अपने वर्तमान कर्मों से ही अपने भविष्य की नींव रखता है और शाश्वत सत्य का ज्ञान प्राप्त कर सुखी हो सकता है।
मानव शरीर केवल मांस और हड्डियों का ढांचा नहीं है, बल्कि अपने भीतर संपूर्ण ब्रह्मांड के रहस्यों को समेटे हुए एक अद्भुत संरचना है। भारतीय दर्शन और आध्यात्मिक ग्रंथों में शरीर को ब्रह्मांड का सूक्ष्म रूप माना गया है। जिस प्रकार विराट ब्रह्मांड में सूर्य, चंद्रमा, ग्रह, नक्षत्र, पंचतत्त्व और अनंत ऊर्जाएं विद्यमान हैं, उसी प्रकार मानव शरीर में भी इनका सूक्ष्म स्वरूप विद्यमान है।
शरीर के भीतर स्थित सात चक्र, कुंडलिनी शक्ति, नाड़ियां और चेतना के विभिन्न स्तर इस रहस्यमयी संरचना की ओर संकेत करते हैं। उपनिषदों में वर्णित ‘यथा पिण्डे तथा ब्रह्माण्डे’ का सिद्धांत भी इसी विचार को अभिव्यक्त करता है कि जो कुछ इस विराट सृष्टि में है, उसका सूक्ष्म स्वरूप मनुष्य के भीतर भी मौजूद है। अपने शरीर और आत्मचेतना को समझना केवल स्वयं को जानना नहीं, बल्कि ब्रह्मांड के गूढ़ रहस्यों को समझने की दिशा में एक यात्रा है।
