पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम के तहत आवश्यक नियमों को 33 साल बाद भी पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अधिसूचित न किए जाने के मामले पर संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। यह जानकारी सोशल मीडिया पर पीपुल्स वेलफेयर सोसायटी चंडीगढ़ की ओर से साझा की गई है।

देश में मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए वर्ष 1993 में मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम लागू किया गया था। सोसायटी के अनुसार, पंजाब में वर्ष 2013 में मानवाधिकार आयोग का गठन किया गया था, जबकि हरियाणा और चंडीगढ़ में वर्ष 2015 में इस दिशा में व्यवस्था की गई। इसके बावजूद संबंधित नियमों को अधिसूचित नहीं किया गया है।

याचिका में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में नियमों को अधिसूचित करने की मांग की गई है। याची ने कहा कि नियमों के अभाव में आयोग सही प्रकार से काम नहीं कर पा रहे हैं और न्याय पाने की आस में बैठे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में तीनों के लिए नियम बनाने का निर्देश जारी किया जाए।

याची पक्ष की दलीलों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने याचिका पर हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ को नोटिस जारी करते हुए जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है।