उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित आईआईटी-बीएचयू ने बीटेक प्लेसमेंट में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है। संस्थान की ऑफिशियल एनुअल रिपोर्ट 2024-25 के अनुसार, एकेडमिक ईयर 2024-25 में बीटेक कोर्स में हाईएस्ट सालाना सैलरी पैकेज 2.20 करोड़ रुपये रहा। इस प्लेसमेंट सीजन में लगभग 398 कंपनियों ने हिस्सा लिया और छात्रों को कुल 1,405 जॉब ऑफर दिए गए, जिनमें 4 अंतरराष्ट्रीय ऑफर भी शामिल थे। पिछले एकेडमिक सेशन 2023-24 में 1,305 ऑफर मिले थे, यानी इस बार कुल ऑफर की संख्या में 100 की बढ़ोतरी हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, कैंपस आने वाली कंपनियों की संख्या में पिछले साल के मुकाबले लगभग 13.06 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

संस्थान के इस प्लेसमेंट सीजन में औसत सीटीसी 24.56 लाख रुपये सालाना दर्ज किया गया। पिछले साल 2023-24 में यह 22.56 लाख रुपये था। इस तरह औसत सीटीसी में 2 लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई, जो करीब 8.87 प्रतिशत है। प्लेसमेंट आंकड़ों के अनुसार छात्रों को 952 जॉब ऑफर मिले और प्लेसमेंट प्रतिशत 92.33% रहा। औसत पैकेज 23.49 लाख रुपये था। गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और कई बड़ी कंपनियों ने छात्रों को जॉब ऑफर किए। आईटी, फाइनेंस, कोर इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग और रिसर्च जैसे क्षेत्रों में सबसे ज्यादा नौकरियां मिलीं।

संस्थान ने छात्रों को पढ़ाई के दौरान इंडस्ट्री से जुड़ने के अवसर भी दिए। संस्थान के अनुसार, प्लेसमेंट सेल ने कुल 502 पेड इंटर्नशिप के अवसर दिलाए, जिनमें एक अंतरराष्ट्रीय इंटर्नशिप ऑफर भी शामिल था। इंटर्नशिप से छात्रों को कंपनियों में काम करने का अनुभव मिलता है, जिससे आगे फुल टाइम नौकरी हासिल करने में मदद मिल सकती है।

बीटेक में दाखिले के लिए उम्मीदवारों को पहले जेईई मेन और फिर जेईई एडवांस्ड परीक्षा पास करनी होती है। जेईई एडवांस्ड में क्वालीफाई करने वाले कैंडिडेट्स जोसा (JoSAA) काउंसलिंग में हिस्सा लेते हैं। इसी काउंसलिंग से रैंक, कैटेगरी, सीटों की उपलब्धता और छात्रों की पसंद के आधार पर आईआईटी बीएचयू में एडमिशन मिलता है। यहां कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सिविल और केमिकल इंजीनियरिंग समेत कई विषयों में बीटेक की पढ़ाई कराई जाती है।