समाज में स्त्री-पुरुष असमानता जैसी व्यवस्थाएं इतनी पुरानी हैं कि उन पर सवाल उठाना बगावत माना जाता है। इन्हें कभी परंपरा, कभी नैतिकता और कभी प्रकृति का नियम कहकर स्वीकार करने की अपेक्षा की गई। जॉन स्टुअर्ट मिल की पुस्तक ‘स्त्रियों की पराधीनता’ इसी बुनियादी सवाल को उठाती है। यह स्त्री के अधिकारों की पैरवी भर नहीं करती, बल्कि उस सामाजिक सोच और सत्ता-संरचना की पड़ताल करती है, जिसके भीतर स्त्री की अधीनस्थ स्थिति को सामान्य मान लिया गया है। मिल का तर्क है कि स्त्री-पुरुष के बीच कानूनी अधीनता का संबंध अपने आप में गलत है और इसकी जगह पूर्ण समानता का सिद्धांत होना चाहिए।

पुस्तक की संपादकीय प्रस्तावना ‘उन्नीसवीं शताब्दी में स्त्री-प्रश्न और जॉन स्टुअर्ट मिल’ स्त्री-मुक्ति के विचार की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि सामने रखती है। इसमें फ्रांसीसी क्रांति, प्रबोधनकाल, मेरी वोल्स्टनक्राफ्ट, ओलांप द गूज और उन्नीसवीं शताब्दी के स्त्री-आंदोलनों का उल्लेख है। साथ ही उदारवादी, रेडिकल और मार्क्सवादी नारीवादी विचारधाराओं के बीच मतभेदों तथा भारतीय स्त्री-आंदोलन की यात्रा को भी रेखांकित किया गया है।

मिल मूल निबंध में स्पष्ट करते हैं कि स्त्री-पुरुष संबंधों को नियंत्रित करने वाला मौजूदा सिद्धांत मानव विकास और सामाजिक सुधार की प्रक्रिया में बाधा है। वह सवाल उठाते हैं कि स्त्रियों की क्षमता और योग्यता पर निर्णय देने का अधिकार किसके पास है। उनका आग्रह है कि यदि स्त्रियों को किसी जिम्मेदारी के अयोग्य बताया जाता है, तो इस दावे के समर्थन में प्रमाण भी प्रस्तुत किए जाने चाहिए। केवल परंपरा, सामान्य धारणा या पुरुषों की स्थापित स्थिति के आधार पर स्त्रियों को अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता।

प्रगति सक्सेना का हिंदी अनुवाद इस वैचारिक कृति को हिंदी पाठकों तक पहुंचाता है। राजकमल प्रकाशन का यह संस्करण संपादकीय प्रस्तावना के जरिए मूल निबंध को उसके ऐतिहासिक और वैचारिक संदर्भ में रखने का प्रयास करता है। पुस्तक पाठक से किसी निष्कर्ष को केवल परंपरा के आधार पर स्वीकार न करने और हर स्थापित मान्यता से उसके औचित्य का प्रमाण मांगने की अपेक्षा करती है।