भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में गुरुवार को शुरू हुए पहले टेस्ट के पहले दिन डीआरएस को लेकर विवाद देखने को मिला। ग्लेन फिलिप्स के खिलाफ रिव्यू लेने के बाद भारत ने अपना डीआरएस गंवा दिया, लेकिन कप्तान शुभमन गिल थर्ड अंपायर के फैसले से नाखुश दिखे और मैदान पर मौजूद अंपायर से फैसले पर सवाल करने लगे। अंपायर ने गिल को समझाने की कोशिश की, पर वे सहमत नहीं दिखे और सिर हिलाते हुए वहां से चले गए।

यह मामला 31वें ओवर का है, जब जसप्रीत बुमराह की गेंद पर फिलिप्स चकमा खा गए। भारत ने एलबीडब्ल्यू के लिए अपील की, लेकिन ऑन-फील्ड अंपायर ने भारत के खिलाफ फैसला दिया। गिल ने बुमराह से बातचीत के बाद रिव्यू लेने का निर्णय लिया। बुमराह को लगा कि गेंद ऊपर जा रही है और उन्होंने कप्तान से कहा, 'हाईट है।' गिल को लगा कि फिलिप्स का बल्ला नहीं लगा है, इसलिए उन्होंने कहा, 'बैट नहीं है।'

स्निकोमीटर में बड़ी हरकत दिखी, जब गेंद बल्ले के पास से गुजर रही थी, मगर सामने से दिख रहे रीप्ले में अंदरूनी किनारा साफ नहीं दिख रहा था। इसके बाद थर्ड अंपायर पॉल राइफल ने स्लो मोशन में एक और रीप्ले की मांग की और इस बार उन्हें गेंद में हल्की मोड़ (डिफ्लेक्शन) महसूस हुई, जिसके चलते उन्होंने ऑन-फील्ड अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ को नॉट-आउट के फैसले पर ही कायम रहने को कहा। गिल इस फैसले से नाराज दिखे और उन्होंने इलिंगवर्थ को बताने की कोशिश की कि बल्ले और गेंद के बीच गैप है तथा गेंद फिलिप्स के पैड पर पहले लगी है। इलिंगवर्थ ने गिल को समझाया, पर भारतीय कप्तान सहमत नहीं दिखे और सिर हिलाते हुए वहां से चले गए।

इस बीच, हेनरी निकल्स के ऐतिहासिक शतक और ग्लेन फिलिप्स के अर्धशतक ने न्यूजीलैंड को संकट से उबारा है। न्यूजीलैंड ने सिर्फ 70 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे, लेकिन निकल्स और फिलिप्स की साझेदारी ने मेजबान टीम को संभाला। खबर लिखे जाने तक दोनों के बीच 156 रन की साझेदारी हो चुकी थी, जिसमें निकल्स 103 और फिलिप्स 87 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। न्यूजीलैंड ने पांच विकेट के नुकसान पर 226 रन बना लिए थे।