मतदाता सूची शुद्धीकरण के लिए चलाई जा रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में इंडी गठबंधन 12 दिसंबर को भोपाल में बड़ी रैली करेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसकी पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि रैली में गठबंधन में शामिल सभी दलों के नेता शामिल होंगे और एक लाख से अधिक लोगों के जुटने की उम्मीद है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित अन्य दलों के वरिष्ठ नेता रैली में हिस्सा लेंगे। रैली के साथ वोट रक्षक मार्च भी निकाला जाएगा।

इससे पहले कांग्रेस और इंडी गठबंधन दिल्ली में एसआईआर को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। गुरुवार को इस आंदोलन को देश के अलग-अलग हिस्सों में ले जाने पर चर्चा हुई, जिसमें तय किया गया कि राज्यों की राजधानियों में ऐसे कार्यक्रम होंगे। इसकी शुरुआत भोपाल से की जाएगी।

प्रदेश संगठन ने रैली की तैयारियां शुरू कर दी हैं और एक-दो दिन में वरिष्ठ नेताओं की बैठक कर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। सूत्रों के अनुसार, तैयारियों के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की टीम दिसंबर के पहले सप्ताह में भोपाल आएगी और उसके मार्गदर्शन में प्रदेश इकाई काम करेगी।