कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि विपक्ष चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगा, क्योंकि ऐसा कदम भारतीय लोकतंत्र को खत्म कर देगा। अमेरिका में शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों से बातचीत के दौरान उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को पवित्र बताया। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर रॉबर्ट पेप कर रहे थे।

राहुल गांधी ने कहा कि अगर विपक्ष चुनाव लड़ने से इनकार करता है तो जनता की नजर में चुनावी प्रक्रिया की वैधता पर सवाल उठेंगे और विपक्षी कार्यकर्ताओं व समर्थकों पर भी असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उनकी रणनीति चुनाव लड़ते रहने और चुनावी व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को जनता के सामने लाने की है। उनके मुताबिक, जब तक लोगों को यह एहसास नहीं हो जाता कि व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, कांग्रेस चुनावी हार का सामना करने के लिए तैयार है।

गांधी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है, यह कहना उनके लिए तब तक मुश्किल है, जब तक उनके पास पूरे सबूत न हों। उन्होंने दावा किया कि निर्वाचन आयोग के अधिकारी विपक्षी नेताओं को चुनावी व्यवस्था में कथित अनियमितताओं की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 2014 के चुनावों के बाद उन्हें चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का संदेह था, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने सबूत दिखाने पर उन्हें यह बात सार्वजनिक न करने की सलाह दी।

राहुल गांधी ने आरएसएस और भाजपा पर आरोप लगाया कि वे अब सामान्य राजनीतिक दल नहीं रह गए हैं और देश के बड़े औद्योगिक घरानों के साथ मिलकर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें भारतीय विश्वविद्यालयों में छात्रों से बातचीत की अनुमति नहीं दी गई, जबकि शिकागो या न्यूयॉर्क में वह ऐसा कर सकते हैं।