30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार के 'परिसीमन विधेयक 2026' और संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को रोकने के लिए विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन ने पूरी ताकत झोंक दी है। हालांकि सदन में संख्याबल के लिहाज से विपक्ष के सामने इस बार कठिन चुनौती है। टूट और खरीद-फरोख्त की आशंकाओं के बीच कई विपक्षी दलों ने अपने सांसदों को रविवार तक दिल्ली पहुंचने का निर्देश दिया है, जबकि गठबंधन की ओर से शनिवार को डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से सार्वजनिक अपील करने की तैयारी की जा रही है।

शुक्रवार को 10 जनपथ पर हुई कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक के बाद पार्टी ने साफ कर दिया कि वह इस विधेयक के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार परिसीमन विधेयक को वापस लाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग स्पष्ट है- लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या बरकरार रखी जाए, इसी संख्या पर 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू हो और अगले 25 सालों तक लोकसभा में विभिन्न राज्यों का अनुपात फ्रीज रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन कराना चाहते हैं। गोगोई ने परिसीमन आयोग की संरचना पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने पहले वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से तय करने की कोशिश की कि कौन वोट दे सकता है और अब परिसीमन से तय करना चाहती है कि लोग कहां वोट दे सकते हैं। उन्होंने चुनाव आयोग को सरकार की कठपुतली बताया।

कांग्रेस के संचार महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मोदी सरकार पर लोकसभा में धोखाधड़ी से दो-तिहाई बहुमत जुटाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह विशेष सत्र महिला आरक्षण के लिए नहीं है, वह कानून 2023 में ही पारित हो चुका है और तीन साल से ठंडे बस्ते में है। उनके मुताबिक यह सत्र केवल परिसीमन के लिए बुलाया गया है।

लोकसभा में 30 नवंबर से और राज्यसभा में 2 दिसंबर से शुरू होकर 3 दिसंबर तक चलने वाले इस सत्र से पहले शनिवार सुबह 11:30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर विपक्षी दलों की संयुक्त बैठक बुलाई गई है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह जनता के खिलाफ बड़ा जाल बिछा रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने बताया कि सभी विपक्षी दल अपने सांसदों को तीन-लाइन का व्हिप जारी करेंगे। उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विपक्ष को विधेयक की जानकारी पहले 'एक्स' के जरिए मिली।

विपक्ष की चिंता अपने सहयोगी दलों के रुख को लेकर भी है। CPI-M महासचिव एमए बेबी ने कहा कि राज्य नेताओं को एमके स्टालिन से बात करने को कहा गया है ताकि वे विधेयक का समर्थन न करें। वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने भी डीएमके से अपील की है। अप्रैल 2026 में पेश 131वें संविधान संशोधन विधेयक को तब इंडिया गठबंधन ने 230 वोट जुटाकर गिरवा दिया था, लेकिन इस बार विपक्ष के खेमे में कम से कम 57 सांसदों की कमी का खतरा बताया जा रहा है। चर्चा है कि डीएमके के 22 और टीएमसी के 20 बागी सांसद विधेयक का समर्थन कर सकते हैं। शिवसेना (UBT) के नौ में से छह सांसद पहले ही एकनाथ शिंदे गुट में जा चुके हैं, जबकि शरद पवार की एनसीपी (SP) ने भी संशोधित विधेयक का समर्थन करने के संकेत दिए हैं।